गोरखपुर। गोरखपुर से एक सनसनीखेज और चौंका देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे शहर को स्तब्ध कर दिया है। मामूली-सा मजाक किसी की जान पर भारी पड़ गया। हुआ यूं कि 2 मई को बेलघाट थाना क्षेत्र के रहने वाले अर्जुन चौहान अपने चाचा के साथ तरकुलहा देवी मंदिर के पास एक दावत में गया था। उसी दावत में मंझरिया गांव के शुभम और अनिल भी मौजूद थे। खाने के दौरान दोनों ने अर्जुन के मोटापे को लेकर हंसी-मजाक किया और उसे “मोटू” कह दिया। यह बात अर्जुन को इतनी नागवार गुज़री कि उसने वहां तो खुद को शांत रखा, लेकिन मन ही मन बदले की आग में जलता रहा।

दावत खत्म होने के बाद शुभम और अनिल अपनी अर्टिगा कार से वापस लौट रहे थे। अर्जुन ने अपने दोस्त आसिफ खान को बताया कि उसे अपमानित महसूस हुआ है और अब वह इन दोनों को सबक सिखाएगा। इसके बाद दोनों ने उन्हें फॉलो करना शुरू किया। पूरे 20 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद तेनुआ टोल प्लाजा के पास उन्होंने अर्टिगा को ओवरटेक कर रोका। अर्जुन और आसिफ ने कार के पास पहुंचते ही दोनों युवकों को कॉलर से पकड़ा, गाली-गलौज की और कहा—”बहुत बोल रहा था तू, अब बोल”—और फायरिंग शुरू कर दी।
फायरिंग होते ही आसपास के लोग दहशत में आ गए। अर्जुन और आसिफ मौके से फरार हो गए, जबकि राहगीरों ने खून से लथपथ अनिल और शुभम को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। फिलहाल दोनों खतरे से बाहर हैं, लेकिन मानसिक और शारीरिक रूप से गहरे जख्मों के साथ इलाज करा रहे हैं।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 मई को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अर्जुन ने कबूल किया कि उसे “मोटा” कहे जाने और सबके सामने हंसने की वजह से गहरा अपमान महसूस हुआ, और तभी उसने गोली मारने की ठान ली थी। पुलिस अधीक्षक दक्षिणी जितेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी आसिफ एक हिस्ट्रीशीटर है, जबकि अर्जुन पर भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। दोनों के पास से वारदात में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद की गई है।
