
गोरखपुर।भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय द्वारा देश के 13 कुलपतियों को ‘कर्नल कमांडेंट’ की मानद उपाधि एवं रैंक प्रदान करने का निर्णय लिया गया है। इन विशिष्ट शिक्षाविदों में दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. पूनम टंडन भी शामिल हैं।
यह सम्मान विश्वविद्यालय में एनसीसी (राष्ट्रीय कैडेट कोर) के माध्यम से युवा नेतृत्व, अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा को बढ़ावा देने के लिए उनके योगदान को मान्यता देता है। यह रैंक सेरेमनी दिनांक 21 मई 2025 (बुधवार) को प्रातः 11:00 बजे महायोगी गुरु गोरक्षनाथ शोधपीठ सभागार, विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित की जाएगी।
यह आयोजन दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय (NAAC द्वारा A++ मान्यता प्राप्त) एवं राष्ट्रीय कैडेट कोर द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है। समारोह में रक्षा एवं शिक्षा क्षेत्र के अनेक गणमान्य अतिथि सम्मिलित होंगे।
कार्यक्रम विवरण:
अवसर: रैंक सेरेमनी
सम्मान: कर्नल कमांडेंट की मानद उपाधि
प्राप्तकर्ता: प्रो. पूनम टंडन, कुलपति
तिथि: 21 मई 2025
समय: प्रातः 11:00 बजे
स्थान: महायोगी गुरु गोरक्षनाथ शोधपीठ सभागार, गोरखपुर
प्रो. पूनम टंडन, कुलपति, ने कहा:
“यह मेरे लिए अत्यंत गौरव का विषय है कि मुझे भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय द्वारा कर्नल कमांडेंट की मानद उपाधि से सम्मानित किया जा रहा है। यह सम्मान अकादमिक क्षेत्र और राष्ट्रसेवा के मध्य एक सशक्त सेतु को दर्शाता है। मैं यह सम्मान विश्वविद्यालय परिवार एवं एनसीसी के सभी समर्पित कैडेट्स को समर्पित करती हूँ, जो अनुशासन, एकता और देशभक्ति की मिसाल हैं।”
