गोरखपुर। पुलिस ने हत्या के एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, राजकारण नय्यर के निर्देशन में अपराधियों की धरपकड़ और अपराध रोकथाम के अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक ने 8 मई 2025 को अपनी पत्नी की हत्या कर दी थी। घटना गोरखनाथ थाना क्षेत्र के लोहे का पुल के पास स्थित भेलारी मंदिर के समीप घटी। घटना के समय आरोपी नशे की हालत में था। विवाद के बाद उसने धारदार हथियार से पत्नी की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी को दबोचने के लिए सघन तलाशी अभियान चलाया। 9 मई को पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथियार को भी बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान साजिद उर्फ सिंटू पुत्र नबी सत्तार निवासी कसाई टोला, थाना गोरखनाथ के रूप में हुई है। आरोपी की उम्र 23 वर्ष बताई जा रही है। पुलिसकर्मियों में प्रभारी निरीक्षक शशिभूषण राय, उपनिरीक्षक संदीप कुमार, कांस्टेबल सुनील यादव और कांस्टेबल इरशाद इमलावाला शामिल थे। आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज किए गए हैं और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
