
पिछली चोरियों का नहीं हुआ खुलासा
गोरखपुर। गोला थाना क्षेत्र के सेमरी गांव में चोरों ने एक और वारदात को अंजाम दिया है। सोमवार रात को चोरों ने अनवर अली के घर से लगभग 2 लाख रुपये के गहने और 40 हजार रुपये नकदी चुरा ली।
घटना रात करीब 2 बजे की है। अनवर अली अपने परिवार के साथ गोला-हाटा मार्ग स्थित मकान में रहते हैं। वह मकान में ही एक छोटी दुकान भी चलाते हैं। रात को दुकान बंद कर परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने कमरों में सो गए थे। रात में आवाज सुनकर अनवर की नींद खुली। उन्होंने दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन वह अंदर से बंद था।
उनके नाती शहजाद ने पड़ोसी अफरोज को फोन कर बुलाया। जब अफरोज पहुंचा तो मुख्य दरवाजा खुला मिला और घर के सभी लोग अपने कमरों में बंद थे। जांच में पता चला कि चोरों ने एक कमरे का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया।
इससे एक सप्ताह पहले थाने से महज 500 मीटर दूर गोला उपनगर वार्ड नंबर 3 में भी चोरी हुई थी। बेवरी निवासी शीला यादव के घर चोरों ने छत से घुसकर गहने और नकदी चुराई थी। गोला थाना प्रभारी अंजुल कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पिछले साल हुई कई चोरियों का भी अभी तक खुलासा नहीं हो सका है।
