
गोरखपुर,:
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए जघन्य नरसंहार ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस अमानवीय कृत्य से आहत बंगाली समाज गोरखपुर ने आज भारत सेवाश्रम संघ, दाउदपुर गोरखपुर परिसर में एक शोक सभा का आयोजन कर न सिर्फ मृतकों को श्रद्धांजलि दी, बल्कि सरकार से यह भी मांग की कि दोषियों को जल्द से जल्द पकड़ कर उनके खिलाफ सबसे सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
सभा की अध्यक्षता भारत सेवाश्रम संघ गोरखपुर शाखा के प्रतिष्ठित अध्यक्ष स्वामी निःश्रेयसानन्द जी ने की। उन्होंने मोमबत्ती जलाकर पहलगाम में नृशंस हत्या का शिकार बने निर्दोष नागरिकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा,
“इस हृदयविदारक घटना ने हर संवेदनशील व्यक्ति के अंतर्मन को झकझोर दिया है। यह हमला न केवल निर्दोषों पर था, बल्कि हमारी सांस्कृतिक, धार्मिक और सामाजिक एकता पर सीधा प्रहार है। हम इसकी कड़ी से कड़ी निंदा करते हैं और केंद्र तथा राज्य सरकार से निवेदन करते हैं कि इस मामले में त्वरित व निर्णायक कार्रवाई हो, जिससे दोषियों को ऐसी सजा मिले जो आने वाली पीढ़ियों के लिए एक चेतावनी बने।”
प्रार्थना सभा में बंगाली समाज गोरखपुर के कई गणमान्य व्यक्ति, समाजसेवी व श्रद्धालु उपस्थित रहे।
प्रमुख उपस्थित जनों में शामिल थे:
डॉ. प्रोशांतों चटर्जी, पार्थ चटर्जी, अभिषेक चटर्जी, प्रफुल्ल चटर्जी, आनंद मुखर्जी, सुभाष दत्ता, राम सूरत पाल, राजन जी, देवाजीत सेनगुप्ता, अचिंत्य लाहिड़ी, रामेश्वर सिंह, गणेश थापा आदि।
प्रार्थना सभा के दौरान सभी ने मृतकों की आत्मा की शांति और उनके परिजनों को इस असहनीय पीड़ा को सहन करने की शक्ति प्रदान करने हेतु मौन प्रार्थना की। सभा में यह भी संकल्प लिया गया कि भविष्य में भी देश की एकता और मानवता के खिलाफ उठने वाली हर आवाज का डटकर विरोध किया जाएगा।
इस मौके पर स्वामी निःश्रेयसानन्द जी ने कहा,
“जब तक इस देश में अधर्म और आतंक का तांडव चलता रहेगा, तब तक समाज को एकजुट होकर उससे मुकाबला करना होगा। भारत सेवाश्रम संघ हमेशा मानवता, सेवा और राष्ट्रभक्ति के मार्ग पर अग्रसर रहेगा।”
कार्यक्रम का समापन “जय माता दी” के घोष और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए एक बार पुनः सामूहिक मौन प्रार्थना के साथ किया गया।
