
गोरखपुर। मण्डलायुक्त अनिल ढींगरा ने आयुक्त सभागार में मुख्यमंत्री के विजन के अनुरूप जनपद/गीडा में उद्योग को बढ़ावा देने के लिए गीडा बोर्ड की बैठक में धुरियापार के मास्टर प्लान को तथा चकभोग के ले आउट प्लान का अनुमोदन प्रदान किया। उन्होंने कहा कि चकभोग की परियोजना के लिये एक सप्ताह मे टेन्डर कर लिया जाये तथा धुरियापार योजना का ले आउट 45 दिनों में तैयार करके प्रस्तुत किया जाये।
उन्होंने कहा कि सभी परियोजनाएं शीघ्र पूर्ण कर ली जाए तथा विलंब करने वालों के खिलाफ कठोर कार्यवाही की जाए। बैठक के दौरान मण्डलायुक्त ने निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर सहायक प्रबन्धक, वरिष्ठ प्रबन्धक तथा दो अवर अभियंता को कारण बताओं नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने निर्देश दिया की गीडा की सभी परियोजनाओं की जानकारी ऑनलाइन कर दी जाए, उसकी पूरी सूचना वेबसाइट पर प्रदर्शित रहें। मण्डलायुक्त ने निर्देश दिया कि गीडा के द्वारा जो भी सेवाएं प्रदान की जा रही हैं उनके सभी आवेदन ऑनलाइन रूप से स्वीकृत किए जाएं किसी भी दशा में कोई आवेदन ऑफलाइन स्वीकृत न किया जाए तथा सभी अधिकारी नियमित रूप से उद्यमियों से वार्तालाप करते रहे और उनकी समस्याओं का समयबद्व ढंग से निस्तारण किया जाये। बैठक में बताया गया कि सीईटीपी का आरएफटी किया जा चुका है तथा आगामी सप्ताह से डीपीआर बनाने का कार्य भी आरम्भ हो जायेगा। सीईओ गीडा ने बताया कि अभी तक गीडा द्वारा 600.90 एकड़ भूमि अधिग्रहित कर ली गयी है और साथ ही गीडा के पास 1000 एकड़ का लैण्ड बैंक है। इस अवसर पर सम्बन्धित अधिकारी गण उपस्थित रहे।
