
गोरखपुर: दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में स्नातक सम सेमेस्टर (द्वितीय, चतुर्थ और षष्ठम) की कक्षाएं आज से विधिवत रूप से प्रारंभ हो गई हैं।
शैक्षणिक गतिविधियों के सुचारू संचालन के लिए कक्षाओं की शुरुआत से पहले सभी विभागों में आवश्यक तैयारियां कर ली गई हैं। शिक्षकों को पाठ्यक्रम योजना के अनुसार शिक्षण कार्य संपन्न करने के निर्देश दिए गए हैं। विश्वविद्यालय ने छात्रों की सुविधा के लिए समय सारणी और कक्षाओं से संबंधित अन्य जानकारियां अपने आधिकारिक वेबसाइट तथा विभागों के सूचनापट्ट पर भी उपलब्ध कराई गई हैं। विद्यार्थियों की नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित अनिवार्य है।
विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर पूनम टंडन ने छात्रों और शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सम सेमेस्टर की कक्षाओं में समयबद्ध तरीके से पाठ्यक्रम को पूर्ण करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने छात्रों से नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने की बात कही है।
