
गोरखपुर। मिशन शक्ति फेस-5 के तहत आज अलकनंदा महिला छात्रावास में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर पूनम टंडन ने किया।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि अक्सर छात्राएं पढ़ाई में व्यस्त रहने के कारण अपने स्वास्थ्य पर ध्यान नहीं दे पातीं। इससे खानपान में लापरवाही और स्वास्थ्य के प्रति सचेत न रहने के कारण अनेक बीमारियों का शिकार हो जाती हैं। उन्होंने संतुलित आहार और नियमित स्वास्थ्य जांच पर जोर देते हुए कहा कि यह हमें कई तरह की बीमारियों से बचा सकता है।
स्वास्थ्य शिविर में डॉ. नवीन कुमार और डॉ. दुगेश्वरी पांडे ने छात्राओं की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का समाधान किया। इस शिविर में लगभग 150 छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और उन्हें आवश्यक दवाएं वितरित की गईं।
इस कार्यक्रम में अलकनंदा महिला छात्रावास की अभिरक्षिका डॉ. मीतू सिंह, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रोफेसर अनुभूति दुबे, मिशन शक्ति की नोडल अधिकारी प्रोफेसर विनीता पाठक, सम्पत्ति प्रभारी डॉ. अमित उपाध्याय, डॉ. मुकेश कुमार सिंह, छात्रावास की अधीक्षिका डॉ. सोनल सिंह, डॉ. कल्पना दिवाकर सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी और छात्राएं उपस्थित रहीं।
यह शिविर छात्राओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाने और उनकी समस्याओं का समाधान करने की दिशा में एक सफल प्रयास रहा।
