गोरखपुर। नव वर्ष 2026 के शुभ अवसर पर गोरखपुर जोन के एडीजी जोन मुथा अशोक जैन, गोरखपुर रेंज के डीआईजी एस. चनप्पा एवं जनपद गोरखपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राज करन नय्यर ने आमजन को नव वर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। पुलिस अधिकारियों ने कामना की कि नया वर्ष सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए।
एडीजी जोन मुथा अशोक जैन ने अपने संदेश में कहा कि नया वर्ष नई उम्मीदों और नई ऊर्जा का प्रतीक है। उन्होंने आमजन से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि पुलिस सदैव नागरिकों की सुरक्षा और सेवा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आशा जताई कि वर्ष 2026 में समाज में सौहार्द, भाईचारा और आपसी सहयोग और मजबूत होगा।
डीआईजी रेंज एस. चनप्पा ने नव वर्ष की बधाई देते हुए कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास और सहयोग ही सुरक्षित समाज की नींव है। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्ष में पुलिस व्यवस्था को और अधिक संवेदनशील, पारदर्शी और जनहितकारी बनाया जाएगा, ताकि आम नागरिक खुद को और अधिक सुरक्षित महसूस कर सकें।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राज करन नय्यर ने जनपदवासियों को नव वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गोरखपुर पुलिस कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और जनसेवा के लिए पूरी निष्ठा से कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वर्ष 2026 में पुलिस जनता की अपेक्षाओं पर और बेहतर ढंग से खरा उतरेगी तथा अपराध मुक्त और सुरक्षित वातावरण बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
पुलिस अधिकारियों के इस शुभ संदेश से आमजन में उत्साह और सकारात्मकता का माहौल देखने को मिला। नव वर्ष के आगमन पर लोगों ने एक-दूसरे को बधाइयां दीं और नए साल को बेहतर बनाने का संकल्प लिया।
