गोरखपुर। चिलुआताल थाने पर आयोजित थाना समाधान दिवस के दौरान पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को थानाध्यक्ष सूरज सिंह एवं नायब तहसीलदार राकेश शुक्ला ने गंभीरता से सुना। अधिकारियों ने संबंधित मामलों के त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए।

समाधान दिवस में विभिन्न गांवों से आए फरियादियों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। इस दौरान अधिकांश शिकायतें पारिवारिक विवाद एवं जमीनी विवाद से संबंधित रहीं। अधिकारियों ने मौके पर ही कुछ मामलों का निस्तारण कराया, जबकि शेष मामलों में संबंधित कर्मचारियों को जांच कर शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
समाधान दिवस के दौरान राजस्व निरीक्षक, संबंधित चौकी प्रभारी एवं लेखपाल भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप फरियादियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
थानाध्यक्ष सूरज सिंह ने बताया कि थाना समाधान दिवस का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका समयबद्ध निस्तारण करना है। वहीं नायब तहसीलदार राकेश शुक्ला ने राजस्व से जुड़े मामलों में शीघ्र जांच कर समाधान का आश्वासन दिया।
