गोरखपुर। आबकारी आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत मंगलवार को आबकारी विभाग की टीम ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-5 विपिन राय और क्षेत्र-4 अर्पित शुक्ला के नेतृत्व में टीम ने थाना एम्स क्षेत्र के ग्राम जगदीशपुर में कई संदिग्ध स्थलों पर दबिश दी।

अभियान के दौरान टीम को मौके से लगभग 15 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई, जिसे कब्जे में ले लिया गया। साथ ही मौके पर ही लगभग 400 कुंतल लहन (कच्ची शराब बनाने में प्रयुक्त सामग्री) को नष्ट कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत की गई है और इस संबंध में एक अभियोग भी पंजीकृत किया गया है।
आबकारी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि त्योहारी सीजन के मद्देनजर जनपद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने के लिए अभियान तेज किया गया है। ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी जो कानून का उल्लंघन कर अवैध शराब का कारोबार कर रहे हैं।
अधिकारियों ने यह भी अपील की कि आम जनता अवैध शराब से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत विभाग या स्थानीय पुलिस को दें, ताकि ऐसे लोगों पर कड़ी कार्यवाही की जा सके। विभागीय टीम ने बताया कि अभियान आगे भी जारी रहेगा और अवैध शराब के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई की जाएगी।
