सहजनवां। नवरात्रि के पावन अवसर पर मां दुर्गा की आराधना कर रहे मां आदि शक्ति समिति द्वारा शुक्रवार को प्रतिमा विसर्जन यात्रा बड़े ही हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुई। समिति की ओर से सजाई गई भव्य प्रतिमाओं को भक्तों ने जयकारों के बीच विदा किया।
सुबह से ही समिति परिसर में भक्तों का जमावड़ा लगा रहा। पूजन-अर्चन और हवन के बाद विसर्जन यात्रा की शुरुआत हुई। यात्रा में शामिल श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों, बैंड-बाजों और DJ की धुन पर नाचते-गाते आगे बढ़ते रहे। महिलाओं ने मंगल गीत गाकर माता की बिदाई दी, वहीं युवाओं ने ‘जय माता दी’ के नारों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
नगर भ्रमण के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने समिति की शोभायात्रा का स्वागत किया और प्रसाद वितरण किया। रात तक प्रतिमाओं का विसर्जन शांतिपूर्ण माहौल में प्रशासन की देखरेख में संपन्न हुआ।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि मां आदि शक्ति समिति का उद्देश्य न केवल धार्मिक आयोजन करना है, बल्कि समाज में एकता, संस्कृति और भाईचारे का संदेश फैलाना भी है।
भक्तों ने माता से सुख-समृद्धि और क्षेत्र की प्रगति की कामना की तथा अगले वर्ष पुनः भव्य आयोजन की प्रतिज्ञा ली।
