गोरखपुर। सेवा पखवाड़ा के अवसर पर दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना, महात्मा गांधी इकाई के स्वयंसेवकों ने आज एशियन सहयोगी संस्था अनाथालय का भ्रमण किया।

इस कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य युवा पीढ़ी में सहानुभूति, संवेदनशीलता तथा सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा। छात्रों को यह संदेश दिया गया कि समाज के कमजोर वर्गों की सेवा करना हर नागरिक का नैतिक दायित्व है।
भ्रमण कार्यक्रम समाजशास्त्र विभाग के डॉ. पवन कुमार एवं इकाई के मुख्य समन्वयक डॉ. सत्यपाल सिंह की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने शून्य से पाँच वर्ष तक की आयु के बच्चों से संवाद किया। बच्चों की मासूम प्रस्तुतियों और सरल भावनाओं ने उपस्थित सभी को भावुक कर दिया। कई स्वयंसेवक बच्चों की परिस्थितियों को देखकर अपने आँसू रोक नहीं पाए।
भ्रमण के दौरान बच्चों की आवश्यकताओं एवं उनकी स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी भी प्राप्त की गई। यह कार्यक्रम न केवल छात्रों के लिए संवेदनशील अनुभव रहा, बल्कि समाजसेवा के प्रति उनमें नई ऊर्जा और संकल्प का संचार भी कर गया।
