गोरखपुर — जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हाल ही में हुए नृशंस आतंकी हमले में वीरगति को प्राप्त यात्रियों की स्मृति में आज जेमिनी रेजीडेंसी एवं युवा चेतना समिति के संयुक्त तत्वावधान में एक भावभीनी श्रद्धांजलि सभा एवं कैंडल मार्च का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम जेमिनी रेजीडेंसी परिसर, बशारतपुर स्थित मेडिकल कॉलेज रोड पर सायं 6 बजे आरंभ हुआ, जहां बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, समाजसेवी, युवा वर्ग एवं महिलाएं एकत्रित हुए। सभी ने मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए सामूहिक प्रार्थना की और दीप जलाकर उन्हें श्रद्धा-सुमन अर्पित किए।
श्रद्धांजलि सभा में बोलते हुए जेमिनी रेजीडेंसी हाउसिंग सोसाइटी एवं युवा चेतना समिति के अध्यक्ष मांधाता सिंह ने कहा, “यह कार्यक्रम आतंकवाद के विरुद्ध हमारी एकजुटता और शांति के प्रति हमारी आस्था का प्रतीक है। हम इस दुख की घड़ी में शहीदों के परिवारों के साथ खड़े हैं।”
कैंडल मार्च में ‘भारत माता की जय’, ‘शहीदों अमर रहें’ जैसे गगनभेदी नारों से वातावरण गूंज उठा। लोगों ने आतंक के विरुद्ध कड़ा संदेश देते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और भाईचारे के लिए संकल्प भी लिया।
इस श्रद्धांजलि सभा में युवा चेतना समिति के संरक्षक डॉ विमल कुमार मोदी, डॉ सी एस आजाद, जे पी श्रीवास्तव,राम अवतार अग्रवाल,विनोद प्रकाश पाण्डेय,श्री निवास त्रिपाठी,सतीश गुप्ता,डॉ आलोक कुमार सिंह, रागिनी जायसवाल, विद्या श्रीवास्तव, श्रीमती सुनीता गर्ग, किरन सिंह,विभा गुप्ता,आयुषी ,राधा अग्रहरी,प्रतिभा राय,नवीन दत्ता,आदि ने श्रद्धांजलि देते हुए,आत्मा की शांति हेतु ईश्वर से प्रार्थना की।
इस आयोजन ने न केवल शहीद यात्रियों को श्रद्धांजलि दी, बल्कि गोरखपुर की संवेदनशीलता और राष्ट्रीय चेतना को भी उजागर किया।
