गोरखपुर। गोरखपुर महोत्सव 2025 के सांस्कृतिक मंच पर संगीत और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। प्रसिद्ध गायक कुमार सुजीत ने अपनी मनमोहक प्रस्तुति से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके द्वारा प्रस्तुत गीत “मड़ैया पर काग बोलेला” ने लोकसंगीत की मिठास बिखेरते हुए श्रोताओं के दिलों को छू लिया। इस लोकगीत की मधुर धुन और सुजीत की भावपूर्ण आवाज ने कार्यक्रम को खास बना दिया।

इसके साथ ही सुजीत ने अपने अन्य गीतों से भी श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। उनकी सुरमयी प्रस्तुति ने पूरे माहौल को संगीतमय बना दिया और दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनकी कला की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान गोरखपुर के वरिष्ठ समाजसेवी राकेश श्रीवास्तव ने कुमार सुजीत को उनकी उत्कृष्ट प्रस्तुति के लिए प्रशस्ति पत्र भेंट किया। इस सम्मान ने न सिर्फ सुजीत का हौसला बढ़ाया, बल्कि उनकी कला को और नई ऊंचाई दी।
महोत्सव के आयोजकों ने इस सफल आयोजन पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि ऐसे कलाकार गोरखपुर की सांस्कृतिक धरोहर को समृद्ध करने का कार्य कर रहे हैं। श्रोताओं ने भी सुजीत की प्रतिभा की जमकर प्रशंसा की और इस आयोजन को यादगार बताया।
